लखनऊ । सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्यमंत्रियों के सरकारी बंगला खाली करने के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के नोटिस जारी करने पर भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह तथा कल्याण सिंह सरकारी बंगले खाली करेंगे। राजनाथ सिंह लखनऊ में गोमतीनगर में अपने आवास में जाने की तैयारी में हैं।
लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में गृह मंत्री है। कल्याण सिंह भाजपा के बेहद चर्चित मुख्यमंत्री रहे हैं। वह राजस्थान के राज्यपाल के पद पर कार्यरत हैं। कल राजनाथ सिंह ने प्रदेश सरकार को सूचित करने के साथ ही लखनऊ में अपने प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी के साथ ही अपने आवास पर पीआरओ को भी जल्द से जल्द बंगला खाली कराने के लिए निर्देशित किया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश के आधा दर्जन पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपने सरकारी बंगले खाली करने होंगे। इसी कड़ी में गृहमंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सबसे पहले सरकारी आवास खाली करेंगे। राजनाथ सिंह के आवास के पीआरओ की मानें तो 15 दिन का समय है और जल्द से जल्द बंगला खाली कर दिया जाएगा।
उधर सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि गोमतीनगर में उनके करीब 2100 वर्ग फीट के मकान में मरम्मत का कार्य चल रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नोटिस अवधि के दौरान ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह सरकारी आवास छोड़ देंगे। वहीं उनके कैंप कार्यालय भी इसी मकान के एक हिस्से में शिफ्ट होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने भी सरकारी बंगला तय समय सीमा के अंतर्गत खाली करेंगे। इस मामले में राज्य संपत्ति विभाग ने कल पूर्व मुख्यमंत्री को 15 दिन में आवास खाली करने का नोटिस तामील करा दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को वर्ष 2000 में बतौर मुख्यमंत्री 4, कालिदास मार्ग मिला था। 2014 में राजधानी से सांसद और गृहमंत्री बनने के बाद लखनऊ प्रवास के दौरान वह इसी बंगले में रुकते हैं। उनका कैंप कार्यालय भी यहीं पर है।
सुप्रीम कोर्ट ने एक अगस्त को फैसला सुनाया था कि मुलायम सिंह यादव समेत राज्य के सभी छह पूर्व मुख्यमंत्रियों को दो महीने के भीतर सरकारी बंगला खाली करना होगा। कोर्ट ने कहा था कि 1997 के जिन नियम के तहत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को जिंदगी भर के लिए सरकारी बंगला दिया गया है उसका कोई कानूनी आधार नहीं है।
लखनऊ में राजनाथ सिंह (गृहमंत्री)- बंगला नंबर 4 कालिदास मार्ग, लखनऊ, एनडी तिवारी (पूर्व सीएम)- बंगला नंबर 1्र माल एवेन्यू, लखनऊ, कल्याण सिंह (राजस्थान के राज्यपाल) - बंगला नंबर 2 माल एवेन्यू, लखनऊ, मायावती (बसपा सुप्रीमो)- बंगला नंबर 13 माल एवेन्यू, लखनऊ, मुलायम सिंह यादव (सांसद)- बंगला नंबर 5 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ तथा अखिलेश यादव को (पूर्व सीएम)-बंगला नंबर 4 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ आवंटित किया गया था।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours