वाराणसी हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है. खुद सीएम योगी ने बताया कि हादसे को लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में यूपी सरकार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को रवाना कर दिया गया है. वहीं मामले में उच्चस्तरीय जांच कमेटी बना दी गई है. इसमें एपीसी की अगुवाई में प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई विभाग और एमडी जल निगम को रखा गया है. ये कमेटी 48 घंटे के अंदर जांच कर दोषियों को चिन्हित करेगी. उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.
वहीं सीएम ने बताया कि हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा, वहीं घायलों को नियमानुसार 2-2 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हम वाराणसी की जनता के साथ हैं. उधर वाराणसी हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दुख जताया है. अखिलेश ने ट्वीट कर सपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे बचाव दल का पूरा सहयोग करेंगे. साथ ही बीजेपी सरकार के लिए उन्होंने कहा है कि वह इस हादसे में सिर्फ मुआवजा देकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं भागे, घटन की जांच करवाए.
अखिलेश ने कहा कि लोगों को बचाने के लिए मैं वहां के अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे बचाव दल के साथ पूरा सहयोग करें. बीजेपी सरकार से ये अपेक्षा करता हूं कि वो केवल मुआवज़ा देकर अपनी ज़िम्मेदारी से नहीं भागेगी, बल्कि पूरी ईमानदारी से जांच करवायेगी.
बता दें कैंट इलाके में ये फ्लाईओवर मौजूद हैं, जिस पर अर्से से निर्माण कार्य चल रहा था. मंगलवार शाम अचानक इसका एक हिस्सा गिर गया. इसमें मौके पर मौजूद कई गाड़ियां दब गई. वहीं कई लोग भी दब गए. मामला सिगरा थाना क्षेत्र के लहरतारा का है. जानकारी के अनुसार दुघर्टना में 50 लोगों के दबने की आशंका है. करीब 12 लोगों के मौत की खबर है. हालांकि अभी तक मृतकों व घायलों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours